अनिल कपूर और अमरीश पूरी की नायक फिल्म याद है? फिल्म में अनिल कपूर एक दिन के प्रधानमंत्री बनते हैं और देश की काया पलट देते हैं। अब ऐसा ही एक वाक्या राजस्थान के दौसा शहर में देखने को मिला। यहां जिला कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी पांचवी कक्षा की नव्या को 1 दिन के लिए कलेक्टर की कुर्सी पर बैठा दिया।
दरअसल दौसा शहर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में काउंसलिंग बाय कलेक्टर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान कलेक्टर कमर उल जमान चौधरी कक्षा 5 से लेकर कक्षा 12 तक की छात्राओं से बातचीत करते दिखाई दिए। बच्चों ने कलेक्टर से कई दिलचस्प सवाल पूछे। जैसे आप कलेक्टर के पद तक कैसे पहुंचे, क्या संघर्ष रहा, परिवार से कितना सपोर्ट मिला, डर कैसे दूर किया, स्कूल कैसे पढ़ें, कैसे पढ़ाई का माहौल बनाएं इत्यादि।

इस दौरान महात्मा गांधी अंग्रेजी स्कूल छतरी वाली ढाणी की छात्रा नव्या अवस्थी ने अंग्रेजी में सवाल किया “बालिकाओं के बारे में आप क्या सोचते हैं?” नव्या से बातचीत करते हुए कलेक्टर इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने बच्ची को एक दिन का कलेक्टर बना दिया। उन्होंने बच्ची को सम्मान पूर्वक माँला पहनाई और जिला कलेक्टर बन कोई भी फैसले लेने की छूट दी। ऐसे में नव्या ने अपने स्कूल में लाइब्रेरी बनाने का आदेश दिया।

वहीं जिला कलेक्टर ने कहा कि लाइफ में हमेशा बड़ा सोचो, तभी बड़ा बनोगे। लक्ष्य पहले से बना लो। मेहनत करो। कभी हार न मानो और अति आत्मविश्वास में भी मत रहो। पढ़ने या करने की जिज्ञासा रखों। फिर लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।