भगवान बनी लेडी डॉक्टर, अपने मुंह से सांस देकर नवजात बच्ची को यमराज से छिन लाई

कहते हैं डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं। इसका एक जीत जागता उदाहरण आगरा के एत्मादपुर में देखने को मिला है। यहां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव के बाद एक नवजात की साँसे नहीं चल रही थी। ऐसे में वहाँ तैनात महिला चिकित्सक ने नवजात को अपने मुंह से सांस देकर उसकी जान बचाई।



एत्मादपुर के गांव बुर्ज गंगी निवासी खुशबू प्रसव के लिए एक मार्च को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एडमिट हुई थी। यहां नॉर्मल डिलीवरी से उसने एक बेटी को जन्म दिया। हालांकि जन्म के कुछ समय बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी। इसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उसे ऑक्सीजन लगाई गई थी लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।



ऐसे में डॉक्टर सुरेखा खून से लथपथ नवजात बच्ची को अपने मुंह से सांस देने लगीं। साथ ही वह सीने को पंप भी कर रही थी। उन्होंने ऐसा लगभग 7 मिनट तक किया। तब जाकर नवजात की स्थिति सुधरी और उसने अच्छे से सांस ली। डॉ. सुरेखा जब बच्ची को मुंह से सांस दे रही थीं तो यह नजारा देख वहाँ का स्टाफ हैरान रह गया था।



ऐसे में एक ने उनका वीडियो बना लिया जो कि सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो रहा है। हर कोई डॉक्टर की तारीफ कर रहा है। अब मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।