कॉमेडियन भारती सिंह (Bharti Singh) इस समय प्रेग्नेंट हैं। उनके मां और पति हर्ष लिंबाचिया (Haarsh Limbachiyaa) के पिता बनने में अभी कुछ महीने बाकी हैं। इस बीच भरती ने मिथुन चक्रवर्ती (Mithun Chakraborty) को ही अपना बेबी बना लिया। मिथुन बेबी फेस के साथ भारती के साथ नजर आए। इसका एक मजेदार वीडियो भी सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
दरअसल भारती ने अपने मोबाइल पर एक बेबी फ़िल्टर लगाकर 71 साल के मिथुन चक्रवर्ती को बच्चा बना दिया। वह मिथुन का बतौर बेबी वीडियो शूट करते हुए कॉमेडी भी करती हैं। भारती मिथुन को प्यार से दुलारते हुए कहती हैं “क्या कर रहा है मेरा मिथुन? अले अले चॉकलेट खाएगा? बेबी! कल का एपिसोड चॉकलेट पर करेगा? पैसा नहीं मांगेगा, अले अले अले। थोड़ा सा हंस।”

इस दौरान मिथुन बड़े ही कन्फ्यूज नजर आते हैं। उन्हें कोई अंदाजा नहीं होता है कि भारती फोन पर उनका बेबी के रूप में वीडियो शूट कर रही हैं। वीडियो में भारती मजाक करते हुए अपने क्रू मेंबर से बोलती हैं “इनका डायपर चेंज करो फटाफट। गिला है।” भरती और मिथुन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ा पसंद किया जा रहा है। वीडियो को साझा करते हुए भारती ने कैप्शन में लिखा “सबसे प्यारे बेबी हमारे मिथुन चक्रवर्ती।

बताते चलें कि भारती ने ये वीडियो कलर्स टीवी के रियलिटी शो ‘हुनरबाज.. देश की शान’ (Hunarbaaz Desh Ki Shaan) के सेट पर शूट किया। भारती और उनके पति हर्ष लिंबाचिया इस शो को होस्ट कर रहे हैं। वहीं मिथुन चक्रवर्ती, परिणीति चोपड़ा (Parineeti Chopra) और करण जौहर (Karan johar) शो को जज कर रहे हैं।