कहते हैं खेत सोना उगलता है। यहां सोना फसलों को कहा जाता है। लेकिन बिहार के बक्सर के डुमरांव के प्रखंड नवानगर के गिरिधर बराव गांव में किसान के खेत ने सच में सोना उगल दिया। यहां फसल लगाने की तैयारी के दौरान किसान बिहसी देवी और उनके बेटे भीम महतो को खुदाई के दौरान सोने के सिक्के मिले।
खेत से सोने के सिक्के मिलने की खबर जैसे ही गाँव में फैली लोग अपना काम धंधा छोड़ आ गए। हर कोई सोना लूटने की फिराक में था। हालांकि इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस जब मौके पर आई तो खुदाई करने वाले किसान ने सोना मिलने की बात से साफ इनकार कर दिया।

हालांकि जब पुलिस ने उसे काफी समझाया तो उसने 3 सोने के सिक्के दे दिए। हालांकि ग्रामीणों का कहना है उसके पास और 2 सोने के सिक्के अभी भी हैं। मतलब उसे कुल 5 सोने के सिक्के मिले थे।

पुलिस ने इन सोने के सिक्कों को पुरातत्व विभाग को दिया है। वे पता लगाएंगे कि यह सिक्के किस काल के हैं और कितने प्राचीन हैं। साथ ही खेत के आसपास ऐतिहासिक अवशेष होने की बात भी सामने आ रही है। बरहाल ये पूरी घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।