गोविंदा 90 के दशक के सबसे लोकप्रिय अभिनेता हुआ करते थे। उनका अभिनय, डांस और कॉमेडी दर्शकों को बड़ा पसंद आता था। गोविंदा का नाम कई हीरोइनों से भी जुड़ा, लेकिन उनका असली प्यार हमेशा से उनकी बीवी सुनीता आहूजा ही रही। दोनों की लव स्टोरी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है।
शादी से पहले गोविंदा और सुनीता आपस में रिश्तेदार हुआ करते थे। गोविंदा के मामा आनंद सिंह ने सुनीता की बड़ी बहन से शादी रचाई है। गोविंदा जब बॉलीवुड में संघर्ष कर रहे थे तो तीन साल अपने मामा के घर ही रहे थे। इस दौरान सुनीता का अपने जीजा (गोविंदा के मामा) के घर आना जाना लगा रहता था।

शुरुआत में गोविंदा और सुनीता की नहीं बनती थी। दोनों बहुत झगड़ते थे। लेकिन दोनों को डांस का शौक था। यही शौक दोनों के प्रेम की वजह बना। दोनों ने साथ मिलकर कई डांस शोज किए। इस दौरान सुनीता महज 15 साल की थी। उनका दिल गोविंदा पर आ गया और दोनों एक दूसरे को लव लेटर लिखने लगे। एक दिन ये प्रेम पत्र सुनीता की मां के हाथ लग गया।

सुनीता और गोविंद ने परिवार को अपने प्रेम के बारे में बताया। फिर सभी ने 11 मार्च 1987 को दोनों की शादी करवा दी। तब सुनीता 18 की तो गोविंदा 24 के थे। इस शादी से दोनों के दो बच्चे बेटा यशवर्धन आहूजा और बेटी टीना आहूजा हुई।

