दादी-नानी बनने की उम्र में मां बनी 70 वर्षीय अम्मा, 45 साल बाद मिला संतान सुख

मां बनने की ख्वाहिश हर महिला की होती है। वह भी चाहती है कि उसका घर आंगन बच्चों की किलकारियों से गूंज उठे। हालांकि कई बार कुछ महिलाओं को मां बनने का सुख नसीब नहीं हो पाता है। लेकिन वह कहते हैं न कि भगवान के घर देर है, लेकिन अंधेर नहीं। बस ऐसा ही गुजरात के कच्छ के रापर तहसील केमोरा गांव में रहने वाली एक 70 वर्षीय महिला के साथ हुआ। दादी-नानी बनने की उम्र में ये महिला एक बच्ची की मां बन गई।



आमतौर पर महिलाएं 40-45 की उम्र के बाद मां नहीं बन पाती हैं। लेकिन इस 70 वर्षीय महिला ने खुदरत के इस नियम को तोड़ दिया। उनके घर 45 सालों के बाद बच्चे की किलकारी गुंजी। इससे पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। तो आखिर ऐसा कैसे संभव हुआ? इस बारे में डॉ. नरेश भानुशाली ने जानकारी दी।



डॉक्टर ने बताया कि बुजुर्ग अशिक्षित जोड़ा हमारे पास मदद के लिए आया था। हमने उन्हें समझाया कि इस उम्र में बच्चा होना संभव नहीं है। लेकिन वे नहीं माने। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार में कई लोगों को बड़ी उम्र में बच्चा हुआ है। उन्होंने कहा कि आप कोशिश करें फिर आगे भगवान की मर्जी। इसके बाद डॉक्टरों ने आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक आईवीएफ का सहारा लिया और 70 वर्षीय महिला को आश्चर्यजनक रूप से मां बनने का सुख प्राप्त हुआ।