लता मंगेशकर के निधन से हर कोई दुखी है। इस बीच उनसे जुड़ी दिलचस्प बातें सोशल मीडिया पर छाई हुई है। आज हम आपको लता जी के उस घर के बारे में बताने जा रहे हैं जहां उनका जन्म और संगीत का सफर शुरू हुआ था।
लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में हुआ था। वे इंदौर जिला अदालत से लगी गली में पिता दीनानाथ और मां शेवंती सहित अपनी 3 बहनों और 1 भाई संग रहती थी। ये घर असल में लता की नानी का था। 5 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने गायक पिता से संगीत की तालिम लेना शुरू कर दिया था।

लता जी जब 7 वर्ष की थी तब उनका परिवार इंदौर छोड़ मुंबई आ गया था। तब उन्होंने अपने घर को एक मुस्लिम परिवार को बेचा था। यह परिवार कुछ साल यहाँ रहा फिर बलवंत सिंह नाम के शख्स ने इस घर को खरीद लिया। बलवंत सिंह लंबे समय तक यहां रहे फिर नितिन मेहता के परिवार ने इस घर को खरीदा। आज इस घर के बाहरी हिस्से में कपड़े का शोरूम है।

नितिन मेहता और स्नेहल मेहता बताते हैं कि जब हमे पता चला कि इस घर में लता मंगेशकर का जन्म हुआ था तो हमने इसे मुंहमांगी कीमत पर खरीद लिया। हमने पहले घर की दशा बदली। फिर घर के बाहरी हिस्से में जब शोरूम खोला तो सबसे पहले वहाँ लताजी का म्यूरल बनवाया।

मेहता परिवार बताता है कि वे रोज शोरूम खोलने से पहले लताजी की मूर्ति की पूजा करते हैं। इस शोरूम में लता के छोटे भाई हृदयनाथ मंगेशकर भी आ चुके हैं। उन्होंने लता जी के घर को बड़े प्यार से सँजोकर रखा हुआ है।