हाईवे पर बार-बार टोल देना किसी को पसंद नहीं है। इससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं। हालांकि अब आपको इस झंझट से जल्द छुटकारा मिल जाएगा। दरअसल केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि अब से हर 60 किलोमीटर के दायरे में सिर्फ 1 ही टोल प्लाजा होगा। इससे बार-बार कम दूरी पर टोल देने की समस्या खत्म हो जाएगी।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय अभी इसकी योजना पर काम कर रहा है। कुछ लोगों की शिकायत थी कि उन्हें कई बार 10 किलोमीटर की रेंज में ही दूसरा टोल टैक्स देना पड़ता है। नितिन गडकरी ने इसे गलत और अवैध बताया। उन्होंने कहा कि अब नेशनल हाईवे पर टोल प्लाजा की संख्या सीमित कर दी जाएगी। यह काम अगले तीन महीनों में पूरा किया जाएगा।

‘इस नए नियम के बाद दिल्ली से मुंबई की यात्रा महज 12 घंटे में हो जाएगी। अभी इसमें लगभग 20 घंटे लगते थे। वहीं हाईवे के किनारे रहने वाले लोगों के लिए पास बनेगा ताकि उन्हें कम दूरी पर जाने के लिए टोल न देना पड़े। इससे वे फ्री में सफर कर सकेंगे। ये फैसला गाँव के लोगों की शिकायत के बाद लिया गया। अभी तक उन्हें एक गाँव से दूसरे गाँव की कम दूरी के लिए भी टोल देना पड़ता है।