बॉलीवुड में कई लव अफेयर हुए और कई जोड़ियां सुर्खियों में रही। इनमें अमिताभ बच्चन और रेखा की जोड़ी सबसे फेमस थी। अमिताभ और रेखा ने सबसे पहले ‘दो अंजाने’ फिल्म में साथ काम किया। फिर ये दोनों मुकद्दर का सिकंदर, गंगा की सौगंध समेत कुछ और फिल्मों में नजर आए। लोगों को दोनों की जोड़ी बहुत पसंद थी। रेखा और अमिताभ भी एक दूसरे को पसंद करते थे। लेकिन फिर भी दोनों की लव स्टोरी शादी तक नहीं पहुंची। अमिताभ ने जया बच्चन से शादी रचा ली।
कहते हैं कि शादी के बाद भी अमिताभ रेखा को चाहते थे। वहीं रेखा के दिल में भी अमिताभ के लिए कुछ-कुछ होता था। लेकिन जया बच्चन के चलते दोनों की लव स्टोरी आगे नहीं बढ़ पाई। यहां तक कि दोनों ने साथ काम करना भी बंद कर दिया। दोनों को आखिरी बार 1981 में यश चोपड़ा की फिल्म सिलसिला में साथ देखा गया था।

ऐसे में आप ने कभी सोचा है कि बिग बी ने इसके बाद रेखा संग फिर कभी काम क्यों नहीं किया? इसका जवाब खुद अमिताभ ने एक इंटरव्यू में दिया था। उनसे पूछा गया था कि क्या आप कभी रेखा संग काम करना चाहेंगे? इस पर महानायक ने सादगी से जवाब देते हुए कहा था कि ‘फिल्म की स्क्रिप्ट आजकल अच्छी नहीं मिल रही है।’ फिर जब उनसे कहा गया कि यदि आपको कोई अच्छी कहानी मिल जाए तो क्या आप रेखा के साथ काम करेंगे? इस पर उनका जवाब था ‘जरूर।’
